समस्याओं को लेकर किसान संघर्ष कमेटी ने सौंपा ज्ञापन
निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। निराधनूं में गुरुवार को फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान किसान संघर्ष कमेटी ने गांव की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर गिरदावर इमरान खान को ज्ञापन सौंपा। कमेटी अध्यक्ष करणी राम रेपसवाल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में अनाज भंडारण गोदाम पर तुलाई केंद्र शुरू करने, वार्ड संख्या 6 और 9 में पेयजल पाइपलाइन बिछाने तथा निचले इलाकों में बरसाती पानी भरने की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग प्रमुखता से रखी गई।
इसके अलावा चूरू-दिल्ली बंद पड़ी रोडवेज बस सेवा को दोबारा शुरू कराने, गांव को बेसहारा पशुओं से मुक्त कराने, सहकारी मिनी बैंक शुरू करने, कचरा निस्तारण के लिए स्थायी कचरा प्वाइंट निर्धारित करने और खाद्य सुरक्षा योजना के तहत दूसरी उचित मूल्य की दुकान खोलने की मांग भी की गई। कमेटी ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से इन समस्याओं से परेशान हैं। संबंधित विभागों को इन मांगों पर जल्द कार्रवाई कर ग्रामीणों को राहत देनी चाहिए। इस दौरान किसान संघर्ष कमेटी के कोषाध्यक्ष नंदलाल सामरिया, हरिराम महला, बलबीर गुरी, सुरेंद्र कुमार खीचड़ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।