कुमावत समाज की प्रतिभाओं का सम्मान, विधायक ने की 25 लाख रुपए की घोषणा

निसं
मुकुंदगढ़ (नवयत्न)। चेजारा गेस्ट हाउस में कुमावत समाज का प्रथम प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता कुमावत समाज अध्यक्ष विजय कुमावत ने की। विधायक विक्रम सिंह जाखल मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री भाजपा ओबीसी मोर्चा राजस्थान महेंद्र चंदवा, झुंझुनूं जिला कुमावत समाज कर्मचारी संघ अध्यक्ष हरिराम दादरवाल, राष्ट्रीय कुम्हार महासभा अध्यक्ष झुंझुनूं श्रीराम गुरी, कुम्हार महासभा महामंत्री ताराचंद मैणास, मूल ओबीसी न्याय एवं उत्थान संस्थान राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम काम्या, डूंडलोद ईओ अंगिश कुमावत, सीएचसी प्रभारी डॉ. वरुण वर्मा एवं ईओ रामनिवास कुमावत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का माला और साफा पहनाकर स्वागत किया गया। समारोह में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली सैकड़ों प्रतिभाओं को सुमनमाला पहनाकर प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कुरीतियां छोड़ शिक्षा पर जोर देने का संदेश
अतिथियों ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने और नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने का संदेश दिया। साथ ही समाज को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया। विधायक विक्रम सिंह जाखल ने चेजारा गेस्ट हाउस के जीर्णोद्धार एवं भवन विस्तार के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके अलावा बालाजी मंदिर एवं गणेश जति आश्रम के जीर्णोद्धार करवाने की भी घोषणा की। समारोह में कुमावत समाज के प्रबुद्धजन, कर्मचारी, युवा और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

You might also like