लेफ्टिनेंट डॉ. निशांत स्वामी ने एनसीसी रिफ्रेशर कोर्स में मेरिट सूची में द्वितीय स्थान प्राप्त कर बढ़ाया राजस्थान का गौरव

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । राजस्थान यूनिवर्सिटी के सहायक आचार्य एवं 1 राज आर्मर्ड स्क्वाड्रन एनसीसी के एसोसिएट एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. निशांत स्वामी (तारानगर) ने एनसीसी अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी में आयोजित एक माह अवधि के एनसीसी रिफ्रेशर कोर्स में मेरिट सूची में द्वितीय स्थान प्राप्त कर राजस्थान का गौरव बढ़ाया है।
लेफ्टिनेंट डॉ. निशांत को यह मेरिट पुरस्कार मेजर जनरल उपकार चंदर, कमांडेंट, एनसीसी अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी द्वारा ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी, कांपटी, नागपुर में आयोजित रिफ्रेशर कोर्स के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में प्रदान किया गया।
द्वितीय स्थान प्राप्त करने के अतिरिक्त, लेफ्टिनेंट डॉ. निशांत को प्रशिक्षण अवधि के दौरान उनके समर्पण, अनुशासन एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशंसा प्रमाण-पत्र से भी सम्मानित किया गया। एक माह के इस गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम में शारीरिक दक्षता परीक्षण, लिखित परीक्षा, फायरिंग टेस्ट, फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट अभ्यास, मैप रीडिंग तथा वॉलीबॉल चैम्पियनशिप जैसी विभिन्न सैन्य, नेतृत्व आधारित एवं खेल-कूद गतिविधियाँ शामिल थीं।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए एनसीसी अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य एसोसिएट एनसीसी अधिकारियों में नेतृत्व क्षमता, सैन्य जागरूकता एवं प्रशिक्षण कौशल का विकास करना था।

You might also like