मकान पर गिरी आकाशीय बिजली : दीवार-छत में आई दरारे
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) । नोखा क्षेत्र में शनिवार दोपहर बाद शुरू हुई बारिश देर शाम तक जारी रही। इसी दौरान काकड़ा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस घटना में परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए। काकड़ा निवासी अनिल बिश्नोई ने बताया कि यह घटना काकड़ा गांव के रामस्वरूप हजारीराम बिश्नोई के मकान पर हुई। बिजली गिरने से मकान को काफी नुकसान पहुंचा। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन वे बाल-बाल बच गए।
बिजली आपूर्ति बाधित
लगातार बारिश के कारण नोखा कस्बे की निचली बस्तियों में बरसाती पानी भर गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रोड़ा रोड पर एक बिजली पोल टूटकर एक मकान पर गिर गया। इससे पहले शुक्रवार रात को भी पुलिस चौकी के पास एक मकान पर बिजली का पोल गिरने की घटना हुई थी। बारिश और तेज हवाओं के चलते उपखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। विभिन्न गांवों से सैकड़ों बिजली के पोल क्षतिग्रस्त होने की सूचनाएं मिली हैं, जिसके कारण कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है। बिजली विभाग की टीमें आपूर्ति बहाल करने के कार्य में जुटी हुई हैं।