कोरोना: मेरे शहर की मरकज पर पुलिस का पहरा जो था, मैंने घर पर मनाई ईद
जिले में सादगी से मनाई खुशियों की ईद, मांगा अमन-चैन
चूरू,(पीयूष शर्मा)25 मई। सोमवार सुबह के करीब सात बजे। ईदगाह के पास पहुंचा तो देखा। हर साल ईद के दिन सूरज की उम्मीद भरी किरणों की मानिंद फिजां में खुशियां बिखेरती। शहर की गंगा-जमुनी तहजीब को सहेजती। मेरे शहर की मरकज ईदगाह इस बार सूनी थी।

ये होना भी था। कोरोना के कारण लॉकडाउन जो था। मगर सूईपटक सन्नाटा ऐसा कि एकबारगी ये मानना तक मुश्किल सा लगे के आज ईद है। मगर आज ईद थी। सो मोहल्ले में एक घर के पास खड़े युवाओं-बुजुर्गों से ईद और सन्नाटे के बारे में बात की। तो कोरोना के प्रति पहले से जागरूक सब लोगों ने कहा, इस बार पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से अपने शहर की ईदगाह के बाहर पुलिसकर्मी तैनात कर पहरा जो लगा दिया है। कोरोना से सुरक्षा जरूरी है। सो ये पहली ईद है जब हमने नमाज घर पर पढ़ी है। कमोबेश ये ही हाल शहर की अन्य मस्जिदों के नजर आए। लोगों ने अपने मित्रों-परिजनों को फोन पर ईद की मुबारकबाद देकर सोशियल डिस्टेंस का पालन किया।
घरों में नमाज अदा कर अल्लाह से मांगा कोरोना मुक्त विश्व

कोरोना महामारी की वजह से ईद को लेकर शहर इमाम सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, पुलिस व प्रशासन की ओर से की गई अपील का व्यापक असर देखने को मिला। लोगों ने घरों में रहकर खुशियों का पर्व ईद इस बार सादगी से मनाया। घरों में नमाज अदा कर अल्लाह तआला से पूरे विश्व को कोरोना महामारी से निजात दिला अमन-चैन कायम करने की दुआ मांगी। समाजसेवी नसवाण परिवार ने निर्धन वर्ग के लिए राशन सामग्री बांटकर ईद मनाई।
युवाओं ने पीडि़त मानवता के लिए रक्तदान कर मनाई ईद

देशभर के अस्पतालों में रक्तदान के क्षेत्र में अग्रणी आरजे हैल्प फाउंडेशन की चूरू शाखा के पदाधिकारियों ने सोमवार को खुशियों का पर्व ईद पीडि़त मानवता के लिए रक्तदान कर मनाया।
शहर के डेडराज भरतिया अस्पताल में लगे रक्तदान शिविर के दौरान पावन मौके पर शुरू की गई युवाओं की इस पहल की चिकित्सा स्टाफ ने भी सराहना की। फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष अमजद तुगलक ने बताया कि रमजान माह में फाउंडेशन के अधिकांश साथी रोजेदार थे। सो अनेक साथी एक महीने से रक्तदान नहीं कर सके। साथियों से चर्चा के बाद ईद के मुबारक मौके पर रक्तदान किया गया है। शिविर में मौजूद साथियों ने आगामी दिनों में रक्तदान करने का संकल्प लिया। शिविर में युवा समाजसेवी नदीम सिरोहा, मुकद्दर खान, मोहसीन खान, सिकंदर खान टेंट, हनान खान ने रक्तदान किया। इस मौके पर जी नूर खान व केकेवाईबी टीम के सामाजिक कार्यकर्ता आसिफ टीपू खान भी मौजूद थे।
जिले के जनप्रतिनिधियों ने दी मुबारकबाद
उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया, सादुलपुर विधायक कृष्णा पूनिया, चूरू नगर परिषद सभापति पायल सैनी, उप सभापति नशीम निशा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रफीक मंडेलिया, पूर्व सभापति भाजपा नेता विजय शर्मा, पूर्व सभापति कांग्रेस नेता गोविंद महनसरिया, पीसीसी सदस्य रियाजत खान आदि ने आमजन को ईद पर्व की मुबारकबाद दी।