महला रेजिडेंशियल पब्लिक स्कूल ने जीता स्वर्ण पदक, क्षेत्र में खुशी की लहर
श्रवण सारस्वत
रींगस (नवयत्न) । Roll Ball Federation of India के तत्वावधान में तथा Gujarat Roll Ball Association द्वारा Navrang Skating Ring में आयोजित छठी वेस्ट जॉन रोल बॉल प्रतियोगिता में महला रेजिडेंशियल पब्लिक स्कूल, रींगस के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
प्रशिक्षक Pintu Dayal Sharma ने जानकारी देते हुए बताया कि सब जूनियर राजस्थान बालक वर्ग टीम ने अपने लीग मैचों में गुजरात, आरएसएसए पुणे, महाराष्ट्र एवं मध्यप्रदेश को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में टीम ने गुजरात को 5-1 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। फाइनल मुकाबले में राजस्थान ने महाराष्ट्र को कड़े संघर्ष में 2-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
इसी प्रकार छठी मिनी रोल बॉल प्रतियोगिता में भी राजस्थान बालक वर्ग टीम ने गुजरात, आरएसएसए पुणे, महाराष्ट्र एवं मध्यप्रदेश को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में टीम ने गुजरात को 6-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया तथा फाइनल में आरएसएसए पुणे को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
विद्यालय के खिलाड़ी जय सिंह एवं लक्ष्मीनिवास ने सब जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, वहीं कार्तिक सिंह शेखावत और यश चौधरी ने मिनी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया।
विद्यालय पहुंचने पर प्रार्थना सभा में सचिव विशाल महला, प्राचार्य राजेंद्र यादव, सुरेश ढाका तथा डॉ शिप्रा यादव ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया और स्मृति चिह्न भेंट किए। विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अपने साथियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सुरेश ढाका ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का सशक्त आधार है। रोल बॉल जैसे खेल युवाओं में त्वरित निर्णय क्षमता, संतुलन और साहस का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया तथा प्रशिक्षक पिंटू दयाल शर्मा की मेहनत, समर्पण और मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कोच ही प्रतिभाओं को निखारकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाते हैं।
महला रेजिडेंशियल पब्लिक स्कूल लगातार रोल बॉल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित कर रहा है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
कार्यक्रम का संचालन देबाशीष दास गुप्ता ने किया।