अवैध शराब का बड़ा नेटवर्क उजागर, फैक्ट्री में आग लगाकर फरार हुए आरोपी
प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । सीकर जिले के दांतारामगढ़ क्षेत्र में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देसी शराब की दो अवैध फैक्ट्रियों का भांडाफोड़ किया हैं। यह कार्रवाई सीकर के दांतारामगढ़ के हीरवास में की गई। खास बात यह है कि भारी मात्रा में अवैध तरीके से देसी शराब बनाई जा रही थी, लेकिन स्थानीय दांतारामगढ़ पुलिस को इसकी कोई जानकारी नहीं थी। सीकर और नागौर आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दांतारामगढ़ के हीरवास गांव में देसी शराब की अवैध फैक्ट्रियों पर छापा मारा।
आबकारी विभाग के निरोधक दल के ईओ रामसहाय जाट ने बताया कि जब टीम एक जगह अवैध शराब की फैक्ट्री तक पहुंची तो आरोपी फैक्ट्री को ही आग लगाकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि दोनों जगहों से टीम ने देसी शराब तैयार करने के लिए काम में लिए जाने वाला केमिकल से भरे ड्रम बरामद किए हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है। दोनों अवैध फैक्ट्रियों में कब से शराब बनाई जा रही थी और कितनी मात्रा में माल बरामद हुआ है? आबकारी विभाग जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा करेगा।
मुर्गी फार्म और मकान में बनाई जा रही थी अवैध शराब :
आबकारी विभाग की टीम ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि दांतारामगढ़ क्षेत्र के हीरवास गांव के एक मुर्गी फार्म और एक मकान में अवैध रूप से देसी शराब बनाई जा रही है। इनपुट के आधार पर जब टीम वहां पर पहुंची तो दोनों ही जगहों पर बड़ी मात्रा में देसी शराब फैक्ट्री संचालित हो रही थी। इनपुट के आधार पर सबसे पहले मुर्गी फार्म पर छापेमारी की गई। यहां से देसी शराब बनाने के लिए काम में लिए जाने वाले केमिकल, भारी मात्रा में प्लास्टिक के खाली पव्वे, देसी शराब के पव्वे पर लगाने जाने वाला होलोग्राम सहित पैकेजिंग का सामान मिला।
आरोपियों ने अवैध शराब की फैक्ट्री में लगा दी आग :
आबकारी विभाग के निरोधक दल के ईओ रामसहाय जाट ने बताया कि छापेमारी करने के लिए टीम गांव में घुसी तो किसी ने आरोपियों को सूचना दे दी, जिसके बाद आरोपियों ने मकान में चल रही अवैध फैक्ट्री को आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। ऐसे में जब आबकारी विभाग की टीम वहां पहुंची तो आग लगी हुई थी। जिसके बाद टीम के सभी सदस्यों ने मिलकर आग को बुझाया।
लोकल पुलिस को नहीं थी खबर :
इस मामले में दांतारामगढ़ पुलिस की भी लापरवाही सामने आई। थाना इलाके में इतनी भारी मात्रा में अवैध शराब तैयार की जा रही थी। धड़ल्ले से शराब तैयार करके सप्लाई हो रही थी, इसके बावजूद पहले कोई कार्रवाई नहीं की गई।