राउमावि में पेयजल सुविधा का लोकार्पण, विद्यार्थियों को मिलेगा शीतल पेयजल

प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धोलासरी में विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार की सुविधा के लिए पेयजल सुविधा का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। स्वर्गीय प्रवीण कुमार जाटोलिया की धर्मपत्नी वंदना देवी द्वारा विद्यालय को वाटर कूलर भेंट किया गया, जिससे विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। इस जनहितकारी पहल का लोकार्पण क्षेत्र के विधायक वीरेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने वंदना देवी के इस प्रेरणादायी एवं समाजहितैषी योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में पेयजल सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा और यह अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा। विद्यालय परिवार ने वंदना देवी एवं उनके परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान भंवर लाल, सेवानिवृत्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नानूराम, गणमान्य ग्रामीणजन एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।

You might also like