मिष्ठान भंडार में लगी भीषण आग, आग से सब कुछ जलकर हुआ राख
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न ) । तारानगर क्षेत्र के गांव बुचावास में बुधवार अल सुबह बस स्टैंड पर स्थित एक मिष्ठान भंडार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों को देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे व इसकी सूचना पुलिस प्रशासन व तारानगर नगर पालिका प्रशासन को दी। आग की सूचना मिलते ही मिष्ठान भंडार मालिक हलवाई जगदीश प्रसाद पारीक व उसका पुत्र सुभाष पारीक भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग इतनी भयानक थीं कि इस पर काबू नही पाया जा सका।
आग की सूचना पाकर नगरपालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंची व आग को बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

ग्रामीणों ने बताया कि आग से दुकान में रखी मिठाई, काउंटर,फर्नीचर, ठंडा व पानी की बोतले, खाद्य सामान, फ्रिज, पंखे, कूलर, टेबल कुर्सी सहित दुकान में रखे नगदी रुपए आदि जलकर राख हो गए जिससे मिष्ठान भंडार के मालिक जगदीश प्रसाद पारीक को काफी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आगजनी से हुए नुकसान का आकलन कर पीड़ित दुकानदार जगदीश प्रसाद को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है। दुकान में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।