शिक्षा मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

नवरतन वर्मा

रतनगढ़    (नवयत्न)  ।   रतनगढ में राजस्थान शिक्षक संघ उपशाख के तत्वावधान में शिक्षकों एवं विद्यालयों से संबंधित विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उपशाखा अध्यक्ष भोजराज शर्मा, ब्लॉक मंत्री मुरलीधर अजमेरिया एवं सभाध्यक्ष रामचंद्र ऐचरा के नेतृत्व मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समक्ष नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया गया व मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से शिक्षा मंत्री, राजस्थान सरकार के नाम ज्ञापन प्रेषित किया गया। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पे प्रोटेक्शन के नाम पर शिक्षकों से की जा रही वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए, ग्रीष्मकालीन अवकाश पूर्ववत रखा जाए, पोषाहार (एमडीएम) एवं ट्रांसपोर्ट वाउचर का लंबित भुगतान शीघ्र किया जाए, सभी विद्यालयों में पर्याप्त स्टाफ, बिजली, पानी एवं कक्षों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा विद्यालयों में नियमित सफाई कर्मचारी नियुक्त किए जाएं। ज्ञापन में सभी संवर्गों के लिए स्थायी स्थानांतरण नीति लागू करने, एक अप्रैल 2026 तक की डीपीसी प्रक्रिया पूर्ण करने, नवक्रमोन्नत विद्यालयों में पदों की वित्तीय स्वीकृति जारी करने, वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्यता का न्यायसंगत समाधान करने, नव चयनित शारीरिक शिक्षकों के स्थायीकरण आदेश जारी करने, आरजीएचएस योजना को निरंतर जारी रखने तथा सातवें वेतन आयोग की विकल्प तिथि में विशेष मामलों में संशोधन की छूट देने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। यदि शिक्षकों की जायज मांगों की अनदेखी जारी रही तो संगठन व्यापक एवं उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस अवसर पर प्रांतीय संयुक्त मंत्री शुभकरण नैण, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य चौथमल चीनिया, वरिष्ठ शिक्षक नेता खींवाराम ख्यालिया, जिला कार्यकारी अध्यक्ष सुरेंद्र सीगड़, जिला कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र हुड्डा, कार्यालय मंत्री मुकेश सैनी, भंवरलाल जाट, नंदराम महला, रमेशचंद्र महला, सिराज अहमद, सतीश पुरोहित, रूपेश चौधरी सहित शिक्षक उपस्थित रहे।

You might also like