परिंडे लगाकर दिया जल संरक्षण व पर्यावरण बचाने का संदेश
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । मेहाड़ा जाटूवास के राजकीय पशु चिकित्सालय केंद्र में बुधवार को “वंदे गंगा” जल संरक्षण जन अभियान के तहत स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास काला ने की। अभियान के तहत चिकित्सालय परिसर एवं आसपास साफ-सफाई अभियान चलाया गया। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिंडे लगाए गए। डॉ. विकास काला ने आमजन एवं पशुपालकों को जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए नियमित रूप से दाना एवं स्वच्छ पानी की व्यवस्था करना मानवीय जिम्मेदारी है। इस दौरान डॉ. दीपक, पशु निरीक्षक देवेन्द्र रावत, सुनील, आशीष शर्मा, विजय एवं विजेश सहित अन्य कर्मचारियों ने भी पक्षियों के लिए परिंडे लगाए और अभियान में सहभागिता निभाई।