ग्राहक बनकर बैठा बदमाश ऑटो रिक्शा लेकर फरार

डी. के. सैनी

 

जयपुर (नवयत्न)। जयसिंहपुरा खोर थाना इलाके में ग्राहक बनकर बैठे एक बदमाश ने ऑटो रिक्शा चालक को चकमा देकर उसका ऑटो लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी ने चालक को फोन पर धमकी देते हुए 5 हजार रुपए देने पर वाहन लौटाने की बात कही। मामले में जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उपनिरीक्षक श्याम प्रकाश ने बताया कि जयसिंहपुरा खोर के केशव नगर निवासी रोकी बैरवा (22) ओला-उबर से संबद्ध ऑटो रिक्शा चालक है। 28 और 29 मई की दरमियानी रात करीब 2.50 बजे उसने एक ग्राहक को गंतव्य तक छोड़ा। इसके बाद ग्राहक बनकर बैठे एक युवक ने जगतपुरा जाने की बात कही। आरोपी चालक को मालवीय नगर जीटी क्षेत्र तक लेकर गया।

सुबह करीब 6 बजे आरोपी ने चाय पीने का बहाना बनाकर ऑटो रिक्शा रुकवाया। उसने चालक से चाय लेने जाने को कहा। चालक जैसे ही चाय लेने के लिए दुकान पर गया, ऑटो में बैठा बदमाश वाहन स्टार्ट कर मौके से फरार हो गया।

पीड़ित चालक ने बुकिंग के दौरान उपयोग किए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो आरोपी ने धमकाते हुए कहा कि 5 हजार रुपए दे दो और अपनी गाड़ी वापस ले जाओ। इसके बाद रोकी बैरवा ने जवाहर सर्किल थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई।

उपनिरीक्षक श्याम प्रकाश ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी हुई है।

You might also like