मधुमक्खियों के हमले में मां-बेटा गंभीर घायल, रेफर
निसं
गुढ़ागौड़जी (नवयत्न )। कारी गांव से दवाई लेने गुढ़ागौड़जी जा रहे मां-बेटे पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना हुकमपुरा पेट्रोल पंप के पास की है, जहां सड़क पर बाइक से गुजरते समय यह हादसा हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार आशीष (26) पुत्र मामचंद और उनकी माता सुभीता देवी (53) निवासी कारी, बाइक पर सवार होकर गुढ़ागौड़जी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड उन पर टूट पड़ा। हमले के दौरान बड़ी संख्या में मधुमक्खियां बाइक चालक के हेलमेट के अंदर घुस गईं, जिससे वह घबरा गया और नियंत्रण खो बैठा। दोनों को मधुमक्खियों ने कई जगह काट लिया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। आसपास के लोगों ने तुरंत मदद करते हुए एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को गुढ़ागौड़जी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें झुंझुनूं रेफर कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। गुढ़ागौड़जी से बड़ागांव तक स्टेट हाइवे 37 पर दोनों ओर मधुमक्खियों के सैकड़ों छाते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।