बचपन प्ले स्कूल में धूमधाम से मनाया मदर्स डे

निसं
सरदारशहर (नवयत्न)। कस्बे के महिला मंडल गेस्ट हाउस के पास स्थित बचपन प्ले स्कूल में मदर्स डे का आयोजन बड़े ही धूमधाम, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ उनकी माताओं ने भी बढ़-चढक़र भाग लिया और रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। स्कूल परिसर को आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगे गुब्बारों और विशेष थीम डेकोरेशन से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद बच्चों ने स्वागत गीत, डांस, कविता एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी माताओं के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त किया। बच्चों की मासूम अदाओं और शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। मदर्स डे के इस विशेष अवसर पर स्कूल प्रबंधन द्वारा विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

म्यूजिकल गेम, डांस एक्टिविटी और टैलेंट राउंड जैसी प्रतियोगिताओं ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विजेता माताओं को स्कूल परिवार की ओर से सम्मानित भी किया गया। स्कूल के डायरेक्टर राम जांगिड़ ने कहा कि मां बच्चे की पहली गुरु होती है और बच्चों के जीवन में मां का योगदान अतुलनीय होता है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों और अभिभावकों के बीच प्रेम, सम्मान और आत्मीयता को और मजबूत बनाना है। कार्यक्रम के दौरान माताओं ने भी स्कूल द्वारा किए गए आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ परिवार और स्कूल के बीच बेहतर संबंध स्थापित करते हैं।

पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों और माताओं में खासा उत्साह देखने को मिला तथा कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। इस अवसर पर बचपन प्ले स्कूल के डायरेक्टर राम जांगिड़, बेबी शर्मा, भारती डागा, नेहा शर्मा, निक्की शर्मा, कविता सैनी, स्नेहा लोढ़ा सहित विद्यालय के स्टाफ और नन्हे मुन्ने बच्चे उनकी माताएं उपस्थित रही। कार्यक्रम का सफल संचालन बेबी शर्मा और स्नेहा लोढा ने किया।

You might also like