अवैध निर्माण पर नगरपालिका की कार्रवाई, निर्माण कार्य रुकवाकर सामग्री जब्त

निसं
बीदासर (नवयत्न)।  कस्बे में अवैध निर्माण को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों और पार्षदों की नाराजगी के बाद नगरपालिका प्रशासन हरकत में आ गया। नगरपालिका की टीम ने विभिन्न स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर उन्हें रुकवाया तथा मौके पर रखी निर्माण सामग्री जब्त की। अचानक हुई इस कार्रवाई से संबंधित लोगों में हलचल मच गई। जानकारी के अनुसार कस्बे में कई स्थानों पर बिना अनुमति और नियमों के विपरीत निर्माण कार्य किए जाने की शिकायतें सामने आ रही थी। इसको लेकर पार्षदों ने भी नाराजगी जताते हुए नगरपालिका प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अधिशासी अधिकारी द्वारका प्रसाद ने कार्रवाई के लिए टीम गठित कर अवैध निर्माण के खिलाफ आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। निर्देशों की पालना में नगरपालिका की टीम मंडी बाजार, शीतला माता मंदिर के पास, टांटिया अस्पताल क्षेत्र तथा बाल बाड़ी स्कूल के पास पहुंची। टीम ने इन स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित कार्यों को रुकवाकर मौके पर रखी निर्माण सामग्री जब्त की। इस दौरान निर्माण कार्यों से संबंधित स्थिति की भी जांच की गई। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता मुकेश कुमार स्वामी, गिरधारी लाल लोहिया, अमित लोहिया सहित नगरपालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्रवाई की निरंतरता पर रहेगी नजर
कस्बे में अवैध निर्माण को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच नगरपालिका की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब यह देखना होगा कि प्रशासन भविष्य में भी नियमित निगरानी रखकर नियमों के विपरीत होने वाले निर्माण कार्यों पर कार्रवाई जारी रखता है या नहीं।

You might also like