सोखती कुई बना दी, पाइपलाइन जोड़ना भूल गई नगर परिषद

बाबूलाल वर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। नगर परिषद की कार्यशैली पर ‘नौ दिन चले अढ़ाई कोसÓ की कहावत सटीक बैठ रही है। मंडावा मोड़ स्थित महर्षि दयानंद गर्ल्स कॉलेज के बाहर सार्वजनिक शौचालय से बह रहे गंदे पानी की समस्या को लेकर परिषद ने करीब 15 दिन पहले सोखती कुई तो बनवा दी, लेकिन शौचालय की पाइपलाइन को कुई से जोड़ना ही भूल गई। नतीजा यह है कि आज भी शौचालय का गंदा पानी सड़क पर खुले में बह रहा है। इससे कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं, आसपास के दुकानदारों और यात्रियों को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, इस समस्या को लेकर दैनिक नवयत्न ने पहले खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद नगर परिषद आयुक्त ने समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया था। परिषद ने शौचालय के पास सोखती कुई का निर्माण तो करा दिया, लेकिन पानी को कुई तक पहुंचाने के लिए पाइपलाइन का कनेक्शन नहीं किया गया।
कुई के पास मिट्टी का ढेर, लकड़ियों से ढका गड्ढा
सोखती कुई महिला शौचालय के ठीक बाहर बनाई गई है। निर्माण के बाद आसपास मिट्टी का ढेर पड़ा है। कुई को सुरक्षा के नाम पर लकड़ियों से ढक दिया गया है। ऐसे में शौचालय आने-जाने वाली महिलाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सवाल जब कनेक्शन नहीं करना था तो कुई क्यों बनाई?
करीब 15 दिन पहले निर्माण के बावजूद गंदा पानी आज भी सड़क पर बह रहा है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब शौचालय की पाइपलाइन को कुई से जोड़ना ही नहीं था तो सोखती कुई बनाने का क्या फायदा? अब जरूरत सिर्फ कुई बनाने की नहीं, बल्कि पाइपलाइन को उससे जोड़कर सड़क पर बह रहे गंदे पानी की समस्या खत्म करने की है। लोगों को इंतजार है कि नगर परिषद इस अधूरे काम को कब पूरा करती है।
‘बस का इंतजार करना भी मुश्किलÓ
– कॉलेज छात्रा सरोज सैनी ने बताया कि रोज इसी बदबू भरे माहौल से गुजरना पड़ता है। कॉलेज की छुट्टी के बाद गांव जाने के लिए बस का इंतजार करना मुश्किल हो जाता है। दुर्गंध के कारण सिरदर्द तक होने लगता है।
– निजी स्कूल शिक्षिका सविता कुमारी ने बताया कि रोज बस स्टैंड से आना-जाना होता है। शौचालय से बहते गंदे पानी और दुर्गंध के कारण यहां खड़ा रहना मुश्किल है।
– स्थानीय दुकानदार विजय कुमार ने कहा कि कुई बनते समय उम्मीद जगी थी कि समस्या खत्म होगी, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया गया। वहीं दुकानदार सुभाष चंद्र ने कहा कि पाइपलाइन को कुई से जोड़ दिया जाए तो समस्या का तत्काल समाधान हो सकता है।
– दुकानदार सुभाष चंद्र ने कहा कि दिनभर दुकान पर बैठकर व्यापार करना मुश्किल हो गया है। नगर परिषद यदि शौचालय की पाइपलाइन को सोखती कुई से जोड़ दे तो समस्या का तत्काल समाधान हो सकता है।

You might also like