कार से मादक पदार्थ जब्त, तीन को किया गिरफतार

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । जिले की रतनगढ़ पुलिस ने गश्त के दौरान मुखबीर से मिली सूचना के आधार पर कार से एक किलो 329 ग्राम अफीम जब्त की है, जब्त अफीम का बाजार मूल्य लगभग सात लाख रुपए बताया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार
पुलिस गत रात्रि को गश्त कर रही थी। इस दौरान उन्हें मुखबीर से सूचना मिली कि एक कार सालासर से रतनगढ़ की तरफ आ रही है, जिसमें नशीला पदार्थ होने की आशंका है, जिस पर पुलिस कुसुमदेसर स्थित जीएसएस पास मुख्य सड़क पर पहुंची तथा आने-जाने वाहनों की तलाशी लेनी शुरू की। इसी दौरान एक कार वहां आकर रूकी और पुलिस ने कार में बैठे तीन जनों से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना नाम 31 वर्षीय श्रवणसिंह पुत्र मंगेजसिंह राजपूत निवासी रूखासर, 24 वर्षीय श्योपालसिंह पुत्र समंदरसिंह राजपूत निवासी भोजासर पुलिस थाना रतनगढ़ एवं 32 वर्षीय राजूसिंह पुत्र श्रवणसिंह निवासी कणवाई पुलिस थाना जसवंतगढ़ जिला नागौर बताया। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ के दौरान तीनों लोग असहज दिखाई दिए, जिस पर पुलिस ने उनकी कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों सीटों के बीच बने टूल को खोलकर चेक किया, तो पारदर्शी प्लास्टिक की थैली में अफीम मिली, जिसका वजन एक किलो 329 ग्राम था। पुलिस ने अफीम व कार को जब्त कर तीनों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

You might also like