स्काउट कार्यालय में नए भवन का लोकार्पण, विधायक ने विकास के लिए 8 लाख रुपए की घोषणा की
सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (झुंझुनूं)। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय परिसर में विधायक निधि से 7.50 लाख रुपए की लागत से निर्मित भवन का लोकार्पण बुधवार को किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू रहे। अध्यक्षता जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने की। विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि स्काउट-गाइड के माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है और उनमें राष्ट्र व समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्काउट कार्यालय के विकास के लिए 8 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि हमें निष्ठा, ईमानदारी और पूर्ण मनोयोग से अपने कार्य करने चाहिए। उन्होंने जिले में स्काउट-गाइड द्वारा किए जा रहे रचनात्मक कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में भामाशाह डॉ. रामावतार सबलानिया को विधायक राजेंद्र भांबू और जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मुख्य आयुक्त अशोक कुमार शर्मा ने स्वागत भाषण में कहा कि झुंझुनूं जिले की स्काउट-गाइड गतिविधियों का राजस्थान में महत्वपूर्ण स्थान है। यहां बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला अध्यक्ष गंगाधर सिंह सुंडा ने सभी अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन सीओ स्काउट महेश कालावत ने किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमार, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह, सीओ गाइड प्रियंका कुमारी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त चिरंजीलाल शर्मा, हेडक्वार्टर कमिश्नर डॉ. रामावतार सबलानिया, लीडर ट्रेनर प्रहलाद राय जांगिड़, डीटीसी गाइड सुनीता बेनीवाल सहित स्काउट-गाइड, रोवर्स-रेंजर्स एवं प्रशिक्षु शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।