उपभोक्ता संरक्षण की नई पहल: न्याय योद्धा बनकर करें जनसेवा

झुंझुनू (नवयत्न)। आमजन को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उन्हें त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग द्वारा ‘उपभोक्ता के बढ़ते कदम न्याय के लिए’ अभियान की शुरुआत की गई है। आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने इस नवाचार के माध्यम से जिले के प्रत्येक कस्बे, गांव और ढाणी तक उपभोक्ता कानून की जानकारी पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

वॉलंटियर बनेंगे न्याय योद्धा

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत अधिवक्ता, युवा शक्ति, पूर्व सैनिक, शिक्षाविद और खिलाड़ी कंज्यूमर्स वॉइस वॉलंटियर के रूप में जुड़कर ‘न्याय योद्धा’ बन सकते हैं। ये वॉलंटियर उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत मिले अधिकारों और ई-जागृति पोर्टल के माध्यम से न्याय प्राप्ति की प्रक्रिया को आमजन तक सरल तरीके से पहुंचाएंगे।

14 अप्रैल तक कर सकेंगे आवेदन

कंज्यूमर्स वॉइस वॉलंटियर बनने के इच्छुक अभ्यर्थियों को 14 अप्रैल, डॉ. अम्बेडकर जयंती तक जिला उपभोक्ता आयोग कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत करना होगा। इसके बाद चयन समिति द्वारा एक सप्ताह में आवेदनों की समीक्षा कर अंतिम सूची जारी की जाएगी।

प्रशिक्षण और पहचान पत्र की व्यवस्था

चयनित वॉलंटियर्स को कार्यशाला के माध्यम से उपभोक्ता कानून, अधिकारों और त्वरित न्याय प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देकर प्रशिक्षित किया जाएगा तथा उन्हें परिचय पत्र भी जारी किए जाएंगे।

महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाएंगे वॉलंटियर
न्याय योद्धाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। वे अपने क्षेत्र में उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों और दायित्वों के प्रति जागरूक करेंगे, एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने में सहयोग करेंगे तथा सेवा प्रदाताओं द्वारा किए जा रहे अनुचित व्यवहार और डार्क पैटर्न जैसी गतिविधियों के खिलाफ लोगों को सचेत करेंगे। साथ ही, आवश्यक होने पर जिला प्रशासन को सूचित कर कार्रवाई सुनिश्चित करवाएंगे।

उत्कृष्ट कार्य पर मिलेगा सम्मान
मनोज कुमार मील ने बताया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कंज्यूमर्स वॉइस वॉलंटियर्स के नाम भारत सरकार एवं राजस्थान सरकार के उपभोक्ता मामले विभाग को भेजे जाएंगे, ताकि उन्हें उपभोक्ता संरक्षण कार्यकर्ता के रूप में सम्मानित किया जा सके और उनके अनुभव के आधार पर विशेष कार्ययोजना तैयार की जा सके।

मनोज कुमार मील का कथन


इस अभियान का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि हर आम नागरिक को उसके अधिकारों के प्रति सजग बनाना है। कंज्यूमर्स वॉइस के माध्यम से तैयार होने वाले ‘न्याय योद्धा’ गांव-ढाणी तक उपभोक्ता जागरूकता की मजबूत कड़ी बनेंगे और जरूरतमंद लोगों को त्वरित न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

You might also like