नालबड़ी के विकास में नहीं आने दी जाएगी कोई कमी : मेघवाल

निसं 

बीकानेर (नवयत्न)। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि नाल बड़ी सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है और यहां आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाओं का भी निरंतर विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नाल बड़ी में 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अटल प्रगति पथ तथा उप स्वास्थ्य केंद्र के क्रमोन्नयन से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाएं आमजन के लिए लाभकारी सिद्ध होंगी।

मेघवाल शनिवार को नाल बड़ी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं, वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में विद्युत तंत्र सुदृढ़ीकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं।

उन्होंने बताया कि नाल बड़ी के उप स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत किया गया है। वर्तमान में यह केंद्र मौजूदा भवन में संचालित होगा, जबकि नए भवन के निर्माण के लिए 1 करोड़ 45 लाख रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। भूमि चिन्हित कर शीघ्र ही अत्याधुनिक भवन का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने नाल बड़ी में एक ट्यूबवेल बनवाने की घोषणा करते हुए एयरफोर्स के कुएं से गांव को मीठा पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में अगले 15 दिनों में सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में एयरफोर्स के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में विद्युत तंत्र को मजबूत बनाने के लिए व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। सौर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा आरडीएसएस योजना के तहत नए जीएसएस स्थापित किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से नाल बड़ी को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है।

मेघवाल ने भोमियाजी मंदिर के विकास, बालिका विद्यालय की स्थापना तथा तालाब के सुदृढ़ीकरण के लिए सीएसआर के तहत कार्य करवाने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने बताया कि शीघ्र शुरू होने वाली ई-बस सेवा की एक बस नाल एयरपोर्ट से संचालित की जाएगी।

खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि नाल बड़ी की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए 3 करोड़ 3 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस परियोजना के तहत 5.5 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन, टंकियां, पंप हाउस तथा अन्य आवश्यक ढांचागत सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि छोटी नाल को अलग ग्राम पंचायत का दर्जा दिया जा चुका है।

श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत लगभग 650 करोड़ रुपये के कार्य प्रगतिरत हैं।

श्याम पंचारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष विकास, विश्वास, सुशासन और जनकल्याण के रहे हैं तथा देश ने विकास की नई गति प्राप्त की है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाओं एवं जिले में चिकित्सा क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में पूर्व सरपंच सोहनलाल बैद ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, चंपालाल गैदर, संतोषानंद महाराज, डॉ. लता चंदन, मोहन सिंह, श्याम सिंह हाड़ला, कुंभनाथ सिद्ध, संपत पारीक, श्रीकिशन गोदारा, कमल गहलोत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अटल प्रगति पथ का लोकार्पण

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल एवं विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2025-26 के तहत स्काई बर्ड से पृथ्वीराज सर्किल, पुराना पटवारघर होते हुए एनएच-11 तक निर्मित अटल प्रगति पथ का लोकार्पण किया। 1.6 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण पर 2 करोड़ रुपये व्यय हुए हैं। लोकार्पण के बाद केंद्रीय मंत्री सहित सभी अतिथि इस मार्ग पर पैदल चले।

You might also like