नोखा पालिकाध्यक्ष चुनाव : सीपीआईएम ने बजरंग सोनी का नामांकन करवाया दाखिल
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर नोखा की सियासत में तस्वीर लगभग साफ हो गई है। पालिकाध्यक्ष पद के लिए ओबीसी वर्ग से बजरंग सोनी ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। सीपीआईएम की ओर से बजरंग सोनी का पर्चा निर्वाचन अधिकारी प्रिया बजाज के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस दौरान रमेश व्यास भी मौजूद रहे। नामांकन के दौरान सुनील संचेती और ओमप्रकाश देहड़ू प्रस्तावक बने। वहीं ललित झंवर, अंकित तोषनीवाल सहित सीपीआईएम के कई कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
कन्हैया लाल झंवर ने चुनाव के समय की घोषणा को किया पुख्ता
पूर्व संसदीय सचिव एवं सीपीआईएम के प्रमुख नेता कन्हैयालाल झंवर ने नगरपालिका चुनाव के दौरान ही पालिकाध्यक्ष पद के लिए ओबीसी वर्ग से बजरंग सोनी को मौका देने की घोषणा की थी। मंगलवार को बजरंग सोनी का नामांकन दाखिल करवाकर झंवर ने चुनाव के दौरान की गई अपनी घोषणा को पुख्ता कर दिया। नामांकन के बाद झंवर ने कहा कि पार्टी ने एक सामान्य व्यक्ति और जमीनी कार्यकर्ता को पालिका अध्यक्ष पद के लिए अवसर दिया है। बजरंग सोनी की छवि साफ सुथरी है और वे मिलनसार व्यक्तित्व के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर काम करने वाले व्यक्ति को जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया गया है।
45 में से 29 वार्डों में जीत
गौरतलब है कि हाल ही में हुए नोखा नगरपालिका चुनाव में सीपीआईएम ने 45 वार्डों में से 29 वार्डों पर जीत दर्ज की है। बहुमत के आंकड़े के साथ सीपीआईएम की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। ऐसे में पालिकाध्यक्ष पद के लिए बजरंग सोनी का नामांकन दाखिल होने के बाद चुनावी तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो गई है।
21 सितंबर को होगा पालिकाध्यक्ष का चुनाव
नोखा नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को चुनाव होना निर्धारित है। सीपीआईएम के पास स्पष्ट बहुमत होने के कारण अब अध्यक्ष पद का चुनाव महज औपचारिकता माना जा रहा है। बजरंग सोनी के नामांकन के बाद उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है और अब सभी की निगाहें 21 सितंबर को होने वाली चुनावी प्रक्रिया पर टिकी हैं।