दांता नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी
निसं
दांतारामगढ़ (नवयत्न)। दांता नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी तस्वीर अब स्पष्ट होने लगी है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान पांच दावेदारों ने कुल छह नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए हैं। भाजपा की ओर से नेमीचंद कुमावत और कांग्रेस की ओर से भंवरलाल चेजारा ने नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं सुरेश बजाड़ ने भी कांग्रेस से नामांकन फॉर्म भरा हैं। इसके अलावा राजेश चेजारा ने भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है। वहीं रामेश्वर लाल जलिन्द्रा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। भाजपा की ओर से नेमीचंद कुमावत को अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि कांग्रेस ने भंवरलाल चेजारा को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है जिसके कारण राजेश चेजारा का भाजपा की ओर से दाखिल किया गया नामांकन और सुरेश बजाड़ का कांग्रेस की ओर से दाखिल किया गया नामांकन खारिज किया गया। अब अध्यक्ष पद की दौड़ में कुल चार प्रत्याशी मैदान में है। वहीं दांता नगरपालिका में अध्यक्ष का चुनाव निर्वाचित पार्षदों द्वारा किया जाना है। दांता नगरपालिका के 25 वार्डों के परिणामों में कांग्रेस के 11, भाजपा के 8 और निर्दलीय प्रत्याशियों के 6 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच और 18 सितंबर को नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। इसके बाद अध्यक्ष पद के लिए अंतिम तस्वीर सामने आएगी।