पालिकाध्यक्ष पद के लिए रतनगढ़ में 3 नामांकन दाखिल

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। नगर पालिका चुनाव परिणामों के बाद बुधवार को पालिकाध्यक्ष पद को लेकर नामांकन के अंतिम दिन बुधवार को 3 नामांकन दाखिल हुए। निर्वाचन अधिकारी मिथलेश कुमार उपखंड अधिकारी ने बताया कि भाजपा की ओर वार्ड संख्या 33 के पार्षद सुनील शर्मा ने भाजपा से, वार्ड संख्या 36 से पार्षद अजय कुमार ने कांग्रेस से अधिकृत व वार्ड संख्या 13 के पार्षद संतोष कुमार इन्दौरिया ने भी कांग्रेस से अपना नामांकन दाखिल किया है। शहर के 45 वार्डो में 21 भाजपा एवं 16 कांग्रेस एवं 8 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए हैं। वहीं सुनील शर्मा के नाम पर सहमति की बनने के बाद पालिकाध्यक्ष चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अब भाजपा की नजर अध्यक्ष पद के चुनाव में आवश्यक समर्थन जुटाने पर रहेगी। दूसरी ओर दोनों ही पार्टियों को वोट क्रासिंग होने की आंशका बनी हुई है। वहीं निर्दलीय पार्षदों की भूमिका भी अहम मानी जा रही है। पालिका की नई सत्ता के गठन को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और सभी की निगाहें अध्यक्ष पद के चुनाव पर टिकी हैं। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आज गुरुवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी व 18 सितंबर को नामांकन वापस ले सकेंगे। वहीं 21 सितंबर को मतदान तथा मतदान के पश्चात मतगणना होगी।

You might also like