उत्तर-पश्चिमी रेलवे के महाप्रबंधक शर्मा ने किया रतनगढ़ स्टेशन का निरीक्षण

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। उत्तर पश्चिमी रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा शनिवार को चूरू एवं रतनगढ़ के दौरे पर रहे। वे बीकानेर से अपनी स्पेशल ट्रेन से रतनगढ़ पहुंचे तथा अमृत भारत योजना के तहत हुए निर्माण कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जीएम के दौरे को लेकर शहर के रेलवे पार आबादी के सैकड़ों लोग स्टेशन के पास एकत्रित हो गए तथा जीएम से बात करने के लिए इंतजार करने लगे। लेकिन जब जीएम उनके बीच नहीं पहुंचे और ट्रेन में बैठकर रवाना होने लगे, तो महिलाएं रेलवे पटरियों पर आ गई तथा उनकी ट्रेन का रास्ता रोक लिया। करीब 15 से 20 मिनट तक जीएम की स्पेशल ट्रेन को वहां से नहीं जाने दिया, उन्होंने रेलवे ट्रेक पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिस पर डीआरएम गौरव गोविल आक्रोशित लोगों के बीच पहुंचे तथा उनकी समस्या को सुना। इस दौरान महिलाओं ने कहा कि रेल लाइन के कारण शहर दो भागों में बंटा हुआ है और रेलवे फाटक भी अधिकांश समय बंद रहता है। अंडरब्रिज के नीचे पानी भर जाने के कारण आवागमन बंद हो जाता है। साथ ही पहले रेलवे पार पैदल जाने वाले लोग पटरियों के ऊपर से चले जाते थे, लेकिन अब रेलवे ने करीब 8 वार्डों का रास्ता जाली लगाकर रोक दिया, जिसके कारण लोगों को काफी घूमकर जाना पड़ता है, इसलिए ओवरब्रिज बनाया जाए और जब तक ओवरब्रिज नहीं बनता, तब तक अस्थाई रूप से रास्ता खोला जाए। डीआरएम ने आक्रोशित लोगों की समस्या सुनकर जीएम को अवगत करवाया, जिस पर जीएम शर्मा ने अस्थाई रूप से रास्ता खोलने का आश्वासन दिया, तब जाकर जीएम की ट्रेन ने यहां से चूरू के लिए प्रस्थान किया। इससे पूर्व जीएम शर्मा ने पत्रकारों से हुई वार्ता में कहा कि स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया है। निरीक्षण के दौरान प्राप्त समस्याओं व सुझावों को दर्ज किया गया है, जिनका भविष्य में स्थायी समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि रतनगढ़ स्टेशन को आधुनिक रूप में विकसित किया गया है, जहाँ सर्कुलेटिंग एरिया की समस्या का समाधान करने के साथ-साथ प्लेटफॉर्म्स पर नए शेड बनाए जा रहे हैं। यह आधारभूत ढांचा आगामी 30 से 40 वर्षों के बढ़ते यात्री दबाव और नई ट्रेनों के संचालन की आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम होगा। स्टेशन विस्तार के दौरान आम जनता के निजी निर्माण को प्रभावित किए बिना रेलवे अपनी उपलब्ध भूमि पर ही कम से कम व्यवधान के साथ कार्य कर रहा है। दिव्यांग और वरिष्ठ यात्रियों की सुविधा के लिए रैंप बनाए गए हैं तथा बीच के प्लेटफॉर्म पर सीढ़ियों के साथ लिफ्ट की व्यवस्था भी आगामी समय उपलब्ध होगी। जीएम ने कहा कि सभी स्टेशनों का विकास बिना किसी भेदभाव के समान प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है, जहां गुणवत्ता, सुगमता और स्वच्छता मुख्य लक्ष्य हैं। इसके अलावा स्टेशन पर निर्माणाधीन पुल का कार्य भी तेजी से जारी है, जिसे अगले कुछ महीनों में पूरा कर यात्रियों को समर्पित किया जाएगा। इस दौरान नई ट्रेनों के संचालन, ट्रेनों के फेरे बढ़ाने, स्टेशन पर सुविधाओं का विस्तार करने सहित कई मांगों को लेकर विभिन्न संगठनों ने जीएम को ज्ञापन भी सौंपे। इस अवसर पर विधायक पुसाराम गोदारा सहित कई रेलवे अधिकारी उपस्थित थे।

You might also like