5 वर्षों में 10 लाख युवाओं को कौशल देने की तैयारी: एनएसडीसी-राजस्थान सरकार का रोडमैप शुरू

डी के सैनी

जयपुर (नवयत्न ) । राजस्थान में कौशल विकास को नई गति देने के लिए नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एनएसडीसी) और राज्य सरकार ने मिलकर बड़ा कदम उठाया है। जयपुर में आयोजित ‘राजस्थान स्टेट–एनएसडीसी सेक्टर स्किल काउंसिल (एसएससी) कौशल संवाद’ में अगले पांच वर्षों में करीब 10 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने के रोडमैप पर काम शुरू किया गय।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संदीप वर्मा ने की, जबकि एनएसडीसी के सीईओ अरुण कुमार पिल्लई ने 28 सेक्टर स्किल काउंसिल के प्रतिनिधियों के साथ भाग लिया।
वर्कशॉप में टूरिज्म, ग्रीन एनर्जी, जेम्स एंड ज्वेलरी, मैन्युफैक्चरिंग और फूड प्रोसेसिंग जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर फोकस तय किया गया। साथ ही जयपुर में वर्ल्ड-क्लास स्किल इंस्टीट्यूट और स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर स्थापित करने तथा 10-15 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने की योजना रखी गई है, जिसके लिए राज्य सरकार ने 450 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। पीएमकेवीवाई 4.0 के तहत राज्य में 2.5 लाख से अधिक और पीएम विश्वकर्मा योजना में 2.3 लाख से ज्यादा युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में प्रमाणित किया जा चुका है।
बैठक में सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रिक व्हीकल, रिन्यूएबल एनर्जी जैसे उभरते क्षेत्रों में स्किलिंग बढ़ाने, जिला स्तर पर स्किल गैप आकलन और स्वयं सहायता समूह व किसान उत्पादक संगठनों को कौशल से जोड़ने पर जोर दिया गया।
अतिरिक्त मुख्य सचिव संदीप वर्मा ने कहा कि राज्य इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुरूप भविष्य के लिए तैयार वर्कफोर्स बनाने को प्रतिबद्ध है। वहीं एनएसडीसी के सीईओ पिल्लई ने कहा कि अगले पांच वर्षों में 10 लाख युवाओं के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डालने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में आरएसएलडीसी के एमडी ऋषव मंडल, एनएसडीसी के सीओओ प्रशांत सिन्हा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

You might also like