आज गांधी जयंती, तुलस्यानों की बावड़ी में श्रमदान, चलेगा स्वच्छता अभियान
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को जिला प्रशासन की ओर से ऐतिहासिक बावड़ियों की सफाई और संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान में बावड़ी बाइसा और सेठ श्री धर्मदास तुलस्यान चैरिटेबल ट्रस्ट का सहयोग रहेगा। इसके तहत खेतानों की बावड़ी और तुलस्यानों की बावड़ी में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत सुबह 9.30 बजे तुलस्यानों की बावड़ी से होगी। इस दौरान बावड़ी परिसर में सफाई के साथ सामूहिक श्रमदान किया जाएगा। जिला प्रशासन और नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, युवा, विद्यार्थी और आमजन अभियान में शामिल होंगे। अभियान के दौरान लोगों को ऐतिहासिक जल स्रोतों की साफ-सफाई और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने का संदेश भी दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर श्रमदान करने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार झुंझुनूं की ऐतिहासिक बावड़ियां जिले की समृद्ध जल संरक्षण परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके संरक्षण और स्वच्छता के लिए आमजन की भागीदारी जरूरी है। अभियान के माध्यम से ‘स्वच्छ झुंझुनूं, संरक्षित जल धरोहरÓ का संदेश दिया जाएगा। लोगों को अपने आसपास के जल स्रोतों और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।