विद्यालय के पास खुली विद्युत डीपी बनी खतरे की निशानी, सुरक्षा घेरा लगाने की मांग
प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । निकटवर्ती ग्राम घाटवा के मुख्य बस स्टैंड के निकट स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय तथा मुख्य मार्ग के पास लगी विद्युत डीपी ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। डीपी के चारों ओर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से कभी भी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीण गणेश सिंह शेखावत ने बताया कि विद्यालय की दीवार के समीप स्थित विद्युत डीपी खुली अवस्था में है, जिसके आसपास विद्यार्थियों एवं राहगीरों का लगातार आवागमन रहता है। ऐसे में सुरक्षा घेरा नहीं होने से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए डीपी के चारों ओर शीघ्र तारबंदी अथवा सुरक्षा जाली लगाई जाए, ताकि विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना घट सकती है। इसलिए विभाग को तत्काल कार्रवाई कर डीपी को सुरक्षित करने के कदम उठाने चाहिए।