रोडवेज बस नहीं रुकने से यात्रियों में रोष, चालक को पाबंद करने की मांग
प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । सुरेरा में डीडवाना डिपो की रोडवेज बस द्वारा निर्धारित बस स्टॉप पर नहीं रुकने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि डीडवाना से जयपुर जाने वाली रोडवेज बस सुरेरा के सिपले वाले बालाजी मंदिर द्वारा स्थित बस स्टैंड पर बिना रुके बाईपास से निकल जाती है,जिससे यात्रियों को मजबूरी में निजी बसों का सहारा लेना पड़ता है। जानकारी के अनुसार डीडवाना डिपो की यह बस डीडवाना से चलकर कुचामण, कुकनवाली, पांचवा, नगवाड़ा, मोतीपुरा, सुरेरा, डांसरोली, रेनवाल और जोबनेर होते हुए जयपुर पहुंचती है तथा इसी मार्ग से वापस लौटती है। सुरेरा गांव के अंदर बस नहीं जाने के बावजूद यात्री बाईपास स्थित सिपले वाले बालाजी मंदिर द्वारा के पास बने बस स्टैंड पर बस का इंतजार करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रविवार को दोपहर करीब 2:30 बजे यात्री रघुनाथ प्रसाद चितावा जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़े थे। उन्होंने बस को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन रोड़वेज चालक बस को बिना रोके आगे निकल गया। इससे उन्हें काफी परेशानी हुई। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी जयपुर जाने वाली कई सवारियां बस का इंतजार कर रही थीं, लेकिन बस नहीं रुकने के कारण उन्हें निजी बसों में अधिक किराया देकर यात्रा करनी पड़ी। ग्रामीणों ने रोडवेज प्रशासन से मांग की है कि संबंधित चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा उसे निर्धारित बस स्टॉप पर बस रोकने के लिए पाबंद किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि चालक यात्रियों की सुविधा का ध्यान नहीं रखता है तो उसे इस रूट से हटाया जाए।
इनका कहना है
डीडवाना डिपो के यातायात प्रबंधन सुजल कुमार से दूरभाष पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि सुरेरा के सिपले वाले बालाजी मंदिर द्वारा स्थित बस स्टैंड पर बस नहीं रुकने की शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि चालक के डिपो पहुंचने पर उससे जानकारी ली जाएगी तथा उसे निर्धारित स्टॉप पर बस रोकने के लिए पाबंद किया जाएगा