मेंटल हेल्थ कार्यशाला का आयोजन
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । केसीसी के कॉपर क्लब में मंगलवार को एक दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। एचसीएल व एमट्रॉन के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता से पूर्ण मानसिक स्वास्थ्य का अनुभव करें विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, ठेका कर्मियों एवं स्कूली विद्यार्थियों ने भाग लेकर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता हासिल की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केसीसी के कार्यपालक निदेशक जीडी गुप्ता थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में महाप्रबंधक (खदान) पीडी बोहरा, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एस शिव दर्शी, महाप्रबंधक (कंसनट्रेटर) वीके इंद्रा, केटीएसएस महामंत्री बिड़दूराम सैनी, ऑफिसर्स एसोसिएशन अध्यक्ष सवाई सिंह सिराधना मौजूद थे। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने बताया कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में मानसिक स्वास्थ्य का संतुलित रहना अत्यंत आवश्यक है। कार्यस्थल पर बढ़ते दबाव और जिम्मेदारियों के कारण तनाव में वृद्धि हो रही है, जिसका सीधा असर व्यक्ति की दिनचर्या, कार्यक्षमता और व्यवहार पर पड़ता है। मुख्य अतिथि जीडी गुप्ता ने कहा कि किसी भी संगठन की सफलता उसके कर्मचारियों के शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक रूप से स्वस्थ होने पर भी निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक व्यक्ति मानसिक रूप से स्वस्थ और संतुलित होगा, तभी कार्य में गुणवत्ता, उत्पादकता और सामूहिक समन्वय में मजबूती आएगी। उन्होंने कर्मचारियों को सलाह दी कि वे तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और समय-समय पर संवाद के माध्यम से मानसिक संतुलन बनाए रखें। साथ ही इस प्रकार की कार्यशालाओं को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि कार्यस्थल का वातावरण अधिक स्वस्थ और सहयोगात्मक बन सके। मुख्य वक्ता इति महेश्वरी, लवलीन कौर ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को नजरअंदाज करना आज की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। उन्होंने बताया कि लगातार काम का दबाव, प्रतिस्पर्धा और निजी जीवन की जिम्मेदारियां व्यक्ति को मानसिक रूप से प्रभावित करती हैं। ऐसे में समय-समय पर स्वयं के लिए समय निकालना, योग, ध्यान, सकारात्मक सोच और खुलकर संवाद करना बेहद जरूरी है। एस शिवदर्शी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह की जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित की जाती रहेंगी। मुन्नालाल जैदिया ने कार्यशाला की रूपरेखा एवं उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर मनीष गवई, भूपेश भंभोरिया, विपिन शर्मा, वीबी गुप्ता, डॉ. दीपिका खुराना, सजू सी. सेम, अरुणव भंडारी, सुनील कटेवा, डॉ. गोपाल राठी, देवेंद्र वर्मा, संतोष बारीक, विनायक साहू, हसरत हुसैन, यशोराज मीणा, राजेश डाढेल, भूषण रोजा, महेंद्र शर्मा, एलएम जोशी, हरिचरण, राजा आशीष, सुमन, मनोज लामोरिया, बाबूलाल सैनी, पार्वती, सुधा शर्मा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।