स्कूल में जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजन
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । गोठड़ा ग्राम पंचायत की शहीद धर्मपाल सैनी राउमावि में जल संरक्षण को लेकर बुधवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजस्थान स्काउट गाइड संघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पानी बचाने और वर्षा जल संचयन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्लाक शिक्षा अधिकारी अनुकंपा अरडावतिया थी, जबकि अध्यक्षता प्रधानाचार्य सुभाष चनेजा ने की। कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम अतिथियों ने शिक्षा की देवी मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में विज्ञान विभाग की ओर से पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया और लोगों को पानी की बर्बादी रोकने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनुकंपा अरडावतिया ने कहा कि जल अमूल्य संसाधन है, इसलिए हमें इसका संरक्षण करना चाहिए। पानी की बर्बादी रोककर और वर्षा जल संचयन अपनाकर हम आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे सुरक्षित रख सकते हैं। देश की खेती पूरी तरह जल पर निर्भर करती है। फसलों की सिंचाई के बिना अन्न उत्पादन संभव नहीं है, जल की कमी होने से मनुष्य के जीवन पर सीधा प्रभाव पड़ सकता है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में पानी बचाने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है और आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस दौरान जल संरक्षण व पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। इस मौके पर स्काउट सचिव जितेंद्र कुमार, संजय कुमार सैनी, सरजीत, शंभूसिंह, सरला प्रजापति,मंजू बाकोलिया, अनिता, सुमन, होशियार सिंह, विजय सिंह, गोविंद सिंह सहित अनेक लोग मौजूद थे।