सिंघाना के पास अनियंत्रित कार मकान में घुसी, दीवार टूटी
निसं
सिंघाना (नवयत्न)। थाना क्षेत्र के कंचनिया की ढाणी के पास गुरुवार को तेज गति से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मकान में जा घुसी। टक्कर से मकान की दीवार टूट गई और अंदर रखा घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय मकान के अंदर कोई नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार स्टेट हाईवे-13 के पास रोहिताश सैनी का मकान है। कार अनियंत्रित होकर सीधे मकान में घुस गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का कुछ हिस्सा मकान के अंदर तक पहुंच गया। रसोईघर में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सिंघाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर थाने में खड़ा करवाया है। बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग हादसे के बाद मौके से चले गए। पुलिस कार चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के कारणों की जांच कर रही है। मकान मालिक के अनुसार दीवार और घरेलू सामान के नुकसान से आर्थिक क्षति हुई है।