प्रधानाचार्य पदौन्नति नियमों में संशोधन कर शीघ्र लागू करे सरकार

रेसला ने कलक्टर को सौंपा सीएम गहलोत के नाम ज्ञापन

चूरू,(पीयूष शर्मा)15 मई। रेसला के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को कलक्टर संदेश नायक को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रधानाचार्य पदोन्नति में नियमों में संशोधन कर इन्हें शीघ्र लागू करने की मांग की।

संगठन के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष भंवर लाल गुर्जर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में प्रधानाचार्य पदौन्नति में संख्यात्मक अनुपात लागू करने का उल्लेख किया गया। संगठन के जिलाध्यक्ष रामकुमार खीचड़ ने कलक्टर को अवगत करवाया कि वर्तमान में प्रधानाचार्य के करीब 12 हजार पद स्वीकृत हैं। जिनमें चार हजार पद प्रधानाध्यापक से प्रधानाचार्य बनने के लिए हैं। आठ हजार पद व्याख्याताओं से प्रधानाचार्य बनने के लिए हैं लेकिन आज राजस्थान में व्याख्याता 54 हजार हैं। प्रधानाध्यापक माध्यमिक स्कूल मात्र 3500 हैं। ऐसे में वर्तमान में प्रधानाचार्य पदौन्नति का अनुपात 67:33 है। जो कि वर्तमान पदों को देखते हुए पूर्णतया अव्यवहारिक है। गत आठ मई को शिक्षा मंत्री के साथ प्रधानाचार्य पदौन्नति को लेकर हुई सकारात्मक वार्ता के मुताबिक पदौन्नति के नियम संसोधित कर अविलंब लागू किए जाएं। ताकि शिक्षक वर्ग को इसका लाभ मिल सके।

You might also like