संभागीय आयुक्त के दौरे में लोगों ने रखी समस्याएं
विजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न) । संभागीय आयुक्त पी सरवन ने ग्राम पंचायत अरडावता में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया और ग्रामीणों की पेयजल सहित अन्य समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ एसडीएम किरण पाल, जिला परिषद सीईओ परशुराम धानका, बीडीओ अनीषा बिजारणियां, सीआई लक्ष्मीचंद वर्मा और अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी कैलाश सिंह कविया सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे। इसके बाद संभागीय आयुक्त नगरपालिका चिड़ावा पहुंचे। यहां उन्होंने चल रहे शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट जानी और लाभार्थियों को पट्टे वितरित किए। शहरी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर उन्होंने ईओ गौतम शर्मा और एसडीएम किरण पाल से चर्चा की। शहर में नालों की सफाई, जल भराव, पेयजल किल्लत, सफाई व्यवस्था और आवारा पशुओं से हो रही परेशानियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र गिरधर, पूर्व अध्यक्ष बाबूलाल वर्मा, राजेंद्र पाल सिंह कोच, पीयूष बाछूका, पूर्व पार्षद रविकांत शर्मा, निखिल चौधरी, सुनील भड़िया, गंगाधर सैनी और वन विभाग की रेंजर सुमन सहित काफी संख्या में अधिकारी एवं गणमान्यजन मौजूद रहे। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त ने पौधारोपण भी किया। इसके बाद उन्होंने एसडीएम कार्यालय में चिड़ावा और सूरजगढ़ ब्लॉक के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।