आशा सहयोगिनियों ने मांगों को लेकर दिया ज्ञापन
विजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न) । उपखंड मुख्यालय और उप जिला अस्पताल में आशा सहयोगिनियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद उन्होंने पहले नायब तहसीलदार बलबीर सिंह कुलहरी और बाद में बीसीएमओ के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने राज्य में कार्यरत समस्त आशा सहयोगिनियों को संविदा नियम 2022 के दायरे में लाने और चतुर्थ श्रेणी का राज्य कर्मचारी दर्जा देने की मांग की। इसके साथ ही महंगाई को देखते हुए मासिक वेतन 26,000 रुपये करने, सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की एकमुश्त राशि और 12,000 रुपये प्रतिमाह पेंशन का प्रावधान करने की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने आगामी एएनएम भर्तियों में अनुभवी आशा सहयोगिनियों को 50 प्रतिशत आरक्षण देने, केवल मूल स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कार्य सौंपने और अन्य विभागों के अतिरिक्त कार्यों से मुक्त रखने की मांग की। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2025 में 10 प्रतिशत बढ़ा हुआ मासिक वेतन (अप्रैल, मई व जून का) आज तक नहीं मिला है, जिसे अविलंब दिलवाया जाए और वेतन का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए।