भामाशाह बाजिया की अनूठी पहल, 150 विद्यार्थियों के चेहरों पर बिखरी खुशी
सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिडोली में विद्यार्थियों के उत्साह और खुशी से भरा गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भामाशाह महावीर प्रसाद बाजिया ने अपनी माता लाडा देवी एवं धर्मपत्नी प्रभाती देवी के हाथों विद्यालय में अध्ययनरत 150 छात्र-छात्राओं को टी-शर्ट वितरित करवाई। टी-शर्ट पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल नजर आया। भामाशाह महावीर प्रसाद बाजिया की इस पहल को विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा और उनके उत्साहवर्धन के लिए समाज के सक्षम लोगों का आगे आना प्रेरणादायक है। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक भगवानाराम सैनी ने सभी अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम का मंच संचालन रोहिताश थालोड़ ने कुशलतापूर्वक किया। इस अवसर पर भामाशाह जगन्नाथ गिठाला, मोहनलाल, भागीरथमल, मोहनलाल बेरडा, भागीरथ कडाला, गोपाल, श्यामसुंदर शर्मा, नंदलाल पटवारी, रामनिवास, महेश बाजिया, सांवरमल एवं कल्याणसिंह, शंकर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।