राज्य स्तरीय शिक्षा विभूषण सम्मान से सम्मानित हुए भामाशाह ताराचंद गोयल

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित 30वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह–2026 में शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रख्यात समाजसेवी एवं भामाशाह ताराचंद गोयल को प्रतिष्ठित “शिक्षा विभूषण सम्मान” से अलंकृत किया गया। तारानगर सीबीईओ बबलेश शर्मा ने बताया कि
यह सम्मान राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर तथा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों राजेश यादव (IAS), सीताराम जाट (IAS), रश्मि शर्मा (IAS) एवं महेंद्र खींची (IAS) द्वारा प्रदान किया गया।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर भामाशाह ताराचंद गोयल के साथ उनकी धर्मपत्नी विम्मी गोयल, पुत्र अविनाश गोयल एवं पुत्रवधु गुंजन गोयल भी उपस्थित रहे। इस खुशी के मौके पर तारानगर के समस्त गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, शिक्षक वर्ग ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई प्रेषित की।
भामाशाह गोयल ने शिक्षा के विकास, विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनका यह सम्मान शिक्षा के प्रति उनकी निष्ठा, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है।
समारोह में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने भामाशाह गोयल के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज एवं शिक्षा जगत के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उनके इस सम्मान से संपूर्ण तारानगर क्षेत्र एवं शिक्षा जगत में हर्ष का वातावरण है।

You might also like