राहु गेट के सामने टूटी सड़क बनी परेशानी
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । शहर के राहु गेट चार खंभा के पास जलदाय विभाग द्वारा पाइपलाइन डालने के दौरान तोड़ी गई सड़क अब आमजन और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। सड़क निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से यहां जगह-जगह गड्ढे बने हुए है, सोमवार को दिनभर यहां गड्ढों में वाहन फंसते रहे जिससे आवागमन भी बाधित रहा।
यह मार्ग मुख्य बाजार और बस स्टैंड को जोड़ने वाला प्रमुख एवं संकरा रास्ता है, जहां सुबह से देर शाम तक भारी यातायात बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क खोदने के बाद विभाग द्वारा समय पर मरम्मत नहीं करवाई गई, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां मुर्दा गली की पूरी सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे राहगीरों और दुकानदारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। संकरे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से जाम जैसी स्थिति भी बन रही है।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को स्थिति से अवगत करवाते हुए शीघ्र सड़क मरम्मत और मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि बाजार क्षेत्र में सामान्य आवागमन बहाल हो सके और किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।