कंदोई बालिका विद्यालय में वाटर कूलर भेंट करने पर भामाशाहों का किया सम्मान

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । श्री जगन्नाथ कंदोई बालिका उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर, तारानगर (सेठ सूरजमल जी हीरालाल जी काशीराम जी कंदोई उच्च माध्यमिक भवन) में शुक्रवार को ‌आयोजित वंदना सभा का वातावरण अत्यंत प्रेरणादायक एवं संस्कारमय रहा। इस अवसर पर भामाशाह परिवार के सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत वंदना को देखकर अतिथिगण अत्यंत प्रभावित हुए और विद्यालय के संस्कारपूर्ण वातावरण की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान सेवा एवं समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल भी देखने को मिली। ऋतु कंदोई एवं मोनू कंदोई की प्रेरणा से नवीन भवन हेतु रामनिवास कंदोई एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुशीला कंदोई ने स्वर्गीय संतलाल की पुण्य स्मृति में एक वाटर कूलर भेंट किया। वहीं, कुसुम काजड़िया ने भी अपनी माताजी स्वर्गीय तारामणि कंदोई की स्मृति में एक वाटर कूलर भेंट कर समाज सेवा की उत्कृष्ट भावना का परिचय दिया।
इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष विकास चाचाण, प्रधानाचार्य दया कंवर एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सभी भामाशाहों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण सहयोग बताया।
यह कार्यक्रम न केवल सेवा और संस्कार का संदेश देता है, बल्कि समाज एवं विद्यालय के सशक्त सहयोग का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।

You might also like