विश्व पर्यावरण दिवस पर आदर्श विद्या मंदिर में पौधारोपण, निःशुल्क पौधों का वितरण
प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्री बद्रीनारायण भैरवदत्त खेतान उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर दांता में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के संदेश के साथ पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पौधे लगाए गए तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच अधिक से अधिक वृक्षारोपण तथा पौधों की देखभाल करना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर विद्यालय की ओर से सभी उपस्थितजनों को निःशुल्क पौधों का वितरण भी किया गया। प्रतिभागियों से अपने घरों, खेतों एवं आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना रहा। विद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संदेश देते हुए सभी से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आग्रह किया।