स्पोर्ट्स ज़ोन एकेडमी के खिलाड़ियों ने किया झुंझुनू जिले का नाम रोशन
सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न) । स्पोर्ट्स ज़ोन एकेडमी, बगड़ के खिलाड़ियों ने जयपुर में आयोजित राजस्थान ताइक्वांडो कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए झुंझुनूं जिले का गौरव बढ़ाया। एकेडमी के निदेशक राकेश सैनी ने बताया कि 18 एवं 19 जुलाई को पुलिस लाइन खेलो इंडिया मल्टीपरपज़ हॉल, शास्त्री नगर, जयपुर में आयोजित राजस्थान ताइक्वांडो कप में झुंझुनूं जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए स्पोर्ट्स ज़ोन एकेडमी के 6 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 6 पदक अपने नाम किए। इनमें वासु सोमरा एवं वर्षा मान ने स्वर्ण पदक, शिवा चौधरी, आर्यन कुमावत एवं धर्मवीर कुमार ने रजत पदक, जबकि योगेश चौधरी ने कांस्य पदक जीतकर एकेडमी एवं जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता से लौटने पर सभी पदक विजेता खिलाड़ियों का स्पोर्ट्स ज़ोन एकेडमी, बगड़ में मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र (सर्टिफिकेट) प्रदान कर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर एकेडमी के निदेशक राकेश सैनी, क्रिकेट कोच निखिल सैनी, अकाउंटेंट पूनम कुमावत तथा बॉक्सिंग कोच शंकर नेटवाल ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। एकेडमी निदेशक राकेश सैनी ने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्पोर्ट्स ज़ोन एकेडमी के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झुंझुनूं जिले तथा राजस्थान का नाम रोशन करेंगे।