31 हजार पौधारोपण का संकल्प पूरा, अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर अभियान का समापन

संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न) । माली सैनी समाज संस्था झुंझुनूं की ओर से पर्यावरण संरक्षण के लिए वर्ष 2026-27 में पांच चरणों में 31 हजार पौधे लगाने का संकल्प बुधवार को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर पांचवें चरण के साथ पूरा हुआ। अंतिम चरण में संस्था पदाधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। संस्था जिलाध्यक्ष महेन्द्र शास्त्री ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, खुड़ाना में विद्यालय स्टाफ के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पांचवें चरण का समापन किया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं स्टाफ को पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण के लिए प्रेरित किया। अशोक नगर में संस्था के मीडिया प्रभारी नरेश बगड़ ने अपने कृषि फार्म हाउस पर पांच पौधे लगाए। चिड़ावा में वरिष्ठ उपाध्यक्ष एसआई बाबूलाल सैनी ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। सामाजिक कार्यकर्ता गिरधारी लाल सैनी कांकरिया ने सार्वजनिक स्थलों पर वट, नीम और पीपल के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसी क्रम में सिंघाना में संस्था के ब्लॉक अध्यक्ष डीपी सैनी ने पौधारोपण किया। झुंझुनूं ब्लॉक संगठन मंत्री रामावतार सैनी ने कालेरी ढाणी स्थित अपने फार्म हाउस पर पौधे लगाए।
पहले 11 हजार, फिर 21 हजार और अब 31 हजार का लक्ष्य
महेन्द्र शास्त्री ने बताया कि संस्था के गठन के बाद से ही पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए लगातार पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। संस्था के प्रथम वर्ष में 11 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे पूरा किया गया। दूसरे वर्ष 21 हजार पौधों का लक्ष्य रखा गया। वहीं वर्ष 2026-27 में पांच चरणों में 31 हजार पौधे लगाने का संकल्प लिया गया, जिसे 12 अगस्त को पांचवें चरण के साथ पूरा कर लिया गया।
जिले से बाहर कार्यरत समाजजनों ने भी लिया हिस्सा
अभियान में झुंझुनूं जिले के विभिन्न क्षेत्रों के साथ जिले से बाहर कार्यरत समाज के कर्मचारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी भागीदारी निभाई। समाज के कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर पौधारोपण कर अभियान को व्यापक रूप दिया। शास्त्री ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है। पौधों को नियमित पानी देना, उनकी सुरक्षा करना और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करना ही वास्तविक पर्यावरण सेवा है। संस्था द्वारा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण के लिए समाजजनों को प्रेरित किया जाएगा। लगातार तीन वर्षों में 11 हजार, 21 हजार और 31 हजार पौधारोपण के लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें पूरा करने की दिशा में संस्था ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है।

You might also like