गश्त के दौरान पुलिस की कार्रवाई, 50 लाख के डायमंड व कार जब्त

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। रतनगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मेगा हाइवे पर एक कार से 50 लाख से अधिक मूल्य के डायमंड व 62 हजार रुपए की नकदी जब्त की है। पुलिस ने बताया कि एएसआई राजेंद्रसिंह मय जाब्ता गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि मूल्यवान वस्तु लेकर कार से दो लोग सरदारशहर की तरफ जा रहे हैं, जिस पर उन्होंने मालासर टोल के पास नाकाबंदी शुरू की। इसी दौरान एक कार आई, जिस पर रोककर उसमें सवार लोगों से पूछताछ की, तो वे लोग संतोषप्रद जबाब नहीं दे पाए। शंका होने पर कार की तलाशी तो उसमें एक बैग मिला, जिसमें 62 हजार रुपए नकदी एवं डायमंड जैसी मूल्यवान वस्तु मिली। डायमंड के संदर्भ में जब दस्तावेज मांगे, तो उनके पास कुछ नहीं मिला। जब इन लोगों से डायमंड का मूल्य पूछा, तो 50 लाख रुपए से अधिक के बताए। कार में सवार लोगों से जब नाम-पता पूछा तो चालक ने अपना नाम अक्षय पांचोला निवासी चांदपोल जयपुर एवं उसके साथ सवार व्यक्ति ने अपना नाम मनीष पटेल निवासी राजा पार्क जयपुर बताया। पुलिस ने आदर्श आचार संहिता की पालना में, नकदी, डायमंड एवं कार को जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि निकाय चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तेद है, तथा रात्रि गश्त, नाकाबंदी के साथ-साथ पुलिस द्वारा आमजन को भय मुक्त मतदान के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है।

You might also like