मुस्लिम परिवार ने सालासर पदयात्रियों के लिए नि:शुल्क भंडारा लगाकर की अनूठी मिसाल पेश
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। कस्बे में सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली। कस्बे के युवा नेता एवं समाजसेवी अलबेला खान और उनके परिवार की ओर से हर साल की भांति सात्युँ सर्किल पर स्थित माँ जालपा देवी महाविद्यालय के आगे सालासर पैदल यात्रियों के लिए निशुल्क भंडारा लगाया गया। भाजपा नेता चन्द्राराम गुरी, पालिकाध्यक्ष हरिप्रसाद इंदौरिया, उपाध्यक्ष जमरदीन तेली, पूर्व पालिकाध्यक्ष जसवंत स्वामी, पार्षद मो. तैयब, अनूप खंडेलवाल, अजीत राठौड़ आदि ने बालाजी महाराजा की पूजा-अर्चना कर भंडारे का शुभारंभ किया। इस मौके पर साबिर बिसायती, ललित खंडेलवाल, इलियास बिसायती, शिवकुमार शर्मा, विजय खंडेलवाल, ताराचंद कस्वां, शाबिर जिन्दराण, रसीद पटवा, मुस्ताक, असरफ, बिलाल सहित अनेक नागरिक और पदयात्री मौजूद रहे। भंडारे में सालासर जा रहे बालाजी भक्तों के लिए खाने-पीने, नाश्ता, चाय-पानी और रात्रि विश्राम की 24 घंटे नि:शुल्क सेवा दी जा रही है। सुबह से लेकर देर रात तक परिवार के सदस्य ही व्यवस्था संभाल रहे हैं। इस दौरान अलबेला खान ने कहा कि सेवा का कोई धर्म नहीं होता, बालाजी के भक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है यात्रियों ने इस सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि तारानगर में हर समुदाय के लोग बालाजी यात्रियों की दिल से सेवा कर रहे हैं, जो वास्तव में गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल है।