लूट के इरादे से वृद्धा के ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने किया खुलासा, बैंक का पियोन गिरफ्तार . . .

अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न)। हाल ही में सात सितम्बर को बैंक ऑफ बड़ौदा के पास स्थित घर में वृद्धा पुखराज देवी चौरड़िया की हुई हत्या के ब्लाईंड मर्डर का पुलिस ने खुलासा करते हुए पीएनबी बैंक के पीओन को गिरफ्तार किया है। पीएनबी बैंक शाखा वृद्ध महिला के घर के परिसर में ही किराये पर संचालित है। रेंज आईजी बीकानेर ओमप्रकाश, जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के दिशा निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार, डीएसपी अनुज शुभम, कोतवाली सीआई मुकेश कुमार, सदर सुजानगढ़ सीआई मुकुट बिहारी की संयुक्त टीम ने इस ब्लाईंड मर्डर का खुलासा किया है। क्योंकि जिस गली में वारदात हुई थी, उसमें कोई भी सीसीटीवी नहीं मिला। और तो और सैंकड़ों लोग उस गली में लघुशंका के लिए जाते हैं और बंद गली होने के कारण लोग अपने दुपहिया वाहन पार्क करने के लिए भी जाते हैं, जिसके कारण हत्या की गुत्थी और ज्यादा उलझ गई। पुलिस ने गला काटकर हत्या कर ज्वैलरी लूट करने के आरोप में दीपक कुमार पुत्र राजकुमार वाल्मीकि उम्र 33 साल, निवासी इंदिरा कॉलोनी, चूरू को गिरफ्तार किया है। दूसरी ओर मामले को लेकर चूरू पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने कोतवाली थाने में प्रेस वार्ता को सम्बोधित किया और कहा कि वृद्ध महिला पुखराज उर्फ सुधा पत्नी रणजीतसिंह उम्र 78 निवासी निवासी गणपति निवास, बैंक ऑफ बड़ौदा के पास, सुजानगढ़ घर पर अकेली ही रहती थी, तथा जान पहचान वाले व्यक्ति के आने पर ही घर का दरवाजा खोलती थी। हत्या से पहले कई दिन तक सेवा चाकरी के बहाने पीएनबी बैंक के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दीपक वाल्मीकि निवासी चूरू मृतक महिला से जान पहचान बनाई और उसका सेवादार होने का नाटक किया। दूसरी ओर घटना के दिन उसने किराये पर सम्पति लगवाने के बहाने किसी का मोबाईल नंबर पूछने के बहाने वृद्ध महिला से घर का दरवाजा खुलवाया और महिला के साथ ही पहली मंजिल पर चला गया। कई देर तक बात करने के बाद उसने वृद्ध महिला का चाकू से गला काटकर हत्या कर दी और पहने हुए जेवरात लूटकर ले गया। पुलिस ने बताया कि दीपक वाल्मीकि कर्जे से दबा हुआ व्यक्ति है इसलिए उसने हत्या का प्लान बनाया। एसपी ने बताया कि पुलिस ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय अधिकारियो की विशेष टीम का गठन किया। बाजार का व्यस्ततम समय होने के कारण काफी संख्या में भीड़-भाड़ होने के कारण दूसरी गलियों के सीसीटीवी की सहायता से संदिग्धों की पहचान करने का काम किया गया। आस पास की दुकानों पर भी जांच की गई। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से करीब 2000 व्यक्तियों की गतिविधियां का विश्लेषण किया गया। 15-20 संदिग्ध व्यक्तियों से गंभीरता से घटना के बारे में पूछताछ की गयी। पूर्व में इलाका थाना में गंभीर प्रवृति, सम्पति सम्बन्धित अपराधों में संलिप्त अपराधियों से पूछताछ की गयी। घटना स्थल के आस पास के मोबाईल टावर के बीटीएस डाटा लिये जाकर घटना के वक्त आये सदिग्ध मोबाईल नम्बरों के बारे में विश्लेषण किया गया। करीब 50 से अधिक मोबाईल नम्बरो की कॉल डिटेल प्राप्त की जाकर सीडीआर का विश्लेषण किया गया। आस पास स्थित दुकानदारों, बैंक कर्मियों से पूछताछ की जाकर संकलन किया गया। आसपास के सुनारों से लूट का माल बेचने की सम्भावना की जानकारी हासिल की गई। सूचनाएं संकलित करने के बाद आरोपी दीपक वाल्मीकि को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी दीपक मकान में ही किराये पर चल रही पीएनबी बैंक में 2021 से सफाई कर्मचारी के तौर पर कार्य कर रहा है। आरोपी बैंक में कर्मचारी होने पर मृतका महिला से अच्छी जान पहचान थी। आरोपी द्वारा वृद्ध महिला की हत्या करने के बाद लूटे गये ज्वैलरी व वारदात में शामिल अन्य व्यक्तियों के बारे में पूछताछ अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि इस मामले की गुत्थी को सुलझाने में कांस्टेबल विक्रम कुमार, महावीर प्रसाद, बिडदाराम की विशेष भूमिका रही। कार्यवाही करने वाली टीम में हैड कांस्टेबल धर्मवीर, अनिल कुमार, कांस्टेबल नरेंद्र, भागीरथ, चैनसिंह, अशोक, बाबूलाल, बलराम आदि शामिल रहे।
जेवरात बरामद करने की पुलिस कर रही कोशिश
एसपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उससे अनुशंधान किया जा रहा है कि इस घटना में किसी और व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं। दूसरी ओर पुलिस आरोपी से लूटे गए जेवरात बरामद करने के प्रयास कर रही है। पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार को भी बरामद करने का प्रयास कर रही है। मृतका के हाथों, गले और कानों में पहने हुए जेवर भी आरोपी ने लूट लिए थे।
हर घर में लगाएं सीसीटीवी : एसपी
एसपी निश्चय प्रसाद एम ने कहा है कि काफी सारे घरों में वृद्ध अकेले रहते हैं। सीसीटीवी 24 घंटे का चौकीदार है, इसलिए सभी लोग अधिक से अधिक संख्या में सीसीटीवी लगाएं, ताकि आपराधिक वारदातों का समय पर खुलासा हो सके और किसी बेकसूर व्यक्ति को भी परेशान नहीं होना पड़े। आपको बता दें कि घटना वाली गली में और घर पर कोई सीसीटीवी लगा हुआ नहीं था। वहीं कार्यवाही करने वाली टीम का सम्मान एसपी की मौजूदगी में सुजानगढ़ की विभिन्न सामाजिक संस्थाओ के प्रतिनिधियों द्वारा किया गया। पुलिस ने बताया कि वृद्ध लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस संबल अभियान भी चलायेगी।

You might also like