यूजीसी कानून वापस लेने, ईडब्ल्यूएस आरक्षण में सरलीकरण को लेकर प्रदर्शन

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ मे स्वर्ण परिवार मंच की उपशाखा के कार्यकर्ताओं ने यूजीसी बिल को वापिस लेने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए अपना आक्रोश जताया। मंच के कार्यकर्ताओं ने उपखंड अधिकारी मिथिलेश कुमार के माध्यम से ज्ञापन राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में यूजीसी से जुड़े नए नियमों को रद्द करने और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के नियमों में सरलीकरण करने की मांग की गई है। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि यूजीसी के नए प्रावधानों से सामाजिक समरसता और सौहार्द प्रभावित हो रही है, इसलिए इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। साथ ही ईडब्ल्यूएस आरक्षण की सीमा को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने, ईडब्ल्यूएस आयोग का गठन करने तथा सरकारी सेवाओं, पदोन्नति व आरक्षण सहित अन्य वर्गों के समान लाभ देने की मांग की गई। प्रतिनिधि मंडल ने केंद्र स्तर पर भी राजस्थान की तर्ज पर भूमि और भवन संबंधी शर्तों को हटाने, प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को तीन कार्य दिवस में पूर्ण व निःशुल्क करने और प्रमाण पत्र की वैधता न्यूनतम तीन वर्ष करने की भी मांग ज्ञापन में की है। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों और सरकारी भर्तियों में पूर्ण शुल्क माफी, निःशुल्क यात्रा सुविधा, छात्रवृत्ति और जिला मुख्यालयों पर छात्रावास निर्माण करवाने का भी उल्लेख ज्ञापन में किया गया है। मंच ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इन मांगों पर शीघ्र वार्ता कर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो संगठन को व्यापक स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस अवसर पर कल्याणसिंह शेखावत, अम्बिकाप्रसाद हारित, रामदेव चंदनिया, करणीसिंह राजियासर, हनुमानसिंह, राधेश्याम पांडूसरिया सहित कई गणमान्यजन उपस्थित थे।

You might also like