पार्क में पं. नेहरू की मूर्ति फिर से स्थापित हो: अजय ढ़ेनवाल
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । गांधी चैक स्थित पार्क में बाबा साहेब डाॅ. भीमराव अम्बेडकर, महाकवि कन्हैयालाल सेठिया, स्वतंत्रता सेनानी पंडित गिरीशचन्द्र की मूर्तियां लगवाने की मांग को लेकर नगरपरिषद के बाहर चल रहा धरना लगातार सातवें दिन भी जारी रहा। हाल ही में भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता बाबूलाल कुलदीप की ओर से लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए धरनार्थी अजय ढ़ेनवाल ने कहा कि हमें कोई टेंडर नहीं चाहिए, आप चाहे जिसको टेंडर दिलवाओ, आप चाहो तो टेंडर केंसिल करवाओ या फिर अपनी मनमर्जी की फर्मो को दिलवाओ। हमारी लड़ाई केवल महापुरूषों के मान सम्मान की है। वहीं ढ़ेनवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि एक भाजपा नेता ने ये तो बताया कि पार्क 1967 में बना था, लेकिन ये नहीं बताया कि जबसे पार्क आपने अपने मित्रों को अलाॅट करवाया, तब से उसमें लगी देश के प्रथम प्रधानमंत्री व स्वतंत्रता सेनानी पं. जवाहरलाल नेहरू की मूर्ति कहां है। ढ़ेनवाल ने प्रशासन से मांग की है कि पंडित नेहरू की मूर्ति को फिर से इस पार्क में स्थापित किया जावे और जिन लोगों ने मूर्ति को छुपाया, उनके खिलाफ कार्यवाही की जावे। दूसरी ओर धरनार्थी इकबाल खां कायमखानी ने बताया कि बार-बार ग्रीन स्पेस पार्क में मूर्ति लगाने की बात को लेकर जनता को गुमराह किया जा रहा है, जबकि ग्रीन स्पेस पार्क में अब दांडी मार्च की मूर्तियां बन रही है, जिससे वो जगह कवर हो गई है। अब वहां पर मूर्ति लगाने की बजाय गांधी चैक में लगाया जाना जायज होगा। लेकिन ये समझ में नहीं आ रहा कि कुछ लोगों को स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरूषों की मूर्तियों से क्या एलर्जी है। उन्होंने महापुरूषों के सम्मान में आम लोगों से आगे आने की अपील की। धरने पर तरूण सियोता, अरविंद, बिलाल, मुकेश गोयल, सोहिल गोपालपुरिया आदि लोग मौजूद रहे।