राजस्थान शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । राजस्थान शिक्षक संघ (एस टि एफ आई) उपशाखा के तत्वावधान में ब्लॉक अध्यक्ष भोजराज शर्मा के नेतृत्व तथा सभाध्यक्ष रामचंद्र ऐचरा एवं उपसभाध्यक्ष महेंद्र सिंह शेखावत के सानिध्य में मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन उपखंड अधिकारी को मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से सौंपा गया। इस अवसर पर प्रांतीय संयुक्त मंत्री शुभकरण नैण एवं प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य चौथमल चीनिया ने कहा कि सत्र प्रारंभ होते ही बड़े पैमाने पर हुए स्थानांतरणों से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है। नामांकन अभियान के दौरान शिक्षकों के हटने से शिक्षण कार्य बाधित हो रहा है। असाध्य रोग से पीड़ित, विधवा, दिव्यांग एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के स्थानांतरण कर मानवीय संवेदनाओं की अनदेखी की गई है, जिससे शिक्षकों में भय और असुरक्षा का माहौल बना है।संघर्ष समिति संयोजक बजरंग बिस्सू, ब्लॉक कार्यकारी अध्यक्ष बाबूलाल मुंदलिया, कार्यालय मंत्री मुकेश सैनी, शिक्षक नेता सतीश पुरोहित एवं रमेश महला ने कहा कि स्थानांतरणों से अनेक विद्यालयों में शिक्षकों का गंभीर असंतुलन पैदा हो गया है, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रभावित होगी।प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी से ओबीसी सर्वे में लगे प्रगणकों को कार्यालय समय में आवश्यक शिथिलता देने संबंधी स्पष्ट आदेश जारी करने की भी मांग की। उपखंड अधिकारी ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि इस संबंध में शीघ्र आवश्यक आदेश जारी किए जाएंगे।संगठन ने स्थानांतरण तत्काल निरस्त कर सभी संवर्गों के लिए पारदर्शी एवं स्थायी स्थानांतरण नीति लागू करने की मांग की। मांगें नहीं मानी गईं तो 15 जुलाई को जिला मुख्यालयों एवं 17 जुलाई को संभाग मुख्यालयों पर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।इस अवसर पर सुरेश जाट, सोमप्रकाश जोशी, रामनिवास, भंवरलाल जाट, वीरेंद्र सिंह, मुकेश मीणा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

You might also like