कांग्रेस कार्यालय में राजीव गांधी की जयंती मनाई
संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। माननगर स्थित सांसद कार्यालय एवं कांग्रेस कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती मनाई गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस नेता अमित ओला ने राजीव गांधी के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे आधुनिक भारत के निर्माण की सोच रखने वाले नेता थे। उन्होंने युवाओं को आगे बढ़ाने के साथ तकनीकी विकास और देश को नई दिशा देने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। गीडानिया ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुमेर सिंह महला ने कहा कि राजीव गांधी ने देश के विकास, संचार एवं तकनीकी क्षेत्र और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने और जनसेवा व देशहित में कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान झुंझुनूं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजमत अली, यूनुस रहमानी, उमर कुरैशी, असगर जोया, इस्माइल चोपदार, शाहिद राईन, राजकुमार डिगरवाल, फैयूम कुरैशी, तौफीक रहमानी, कुलदीप भांभू, दाउद कुरैशी, विद्याधर ज्याणी, विकास गुर्जर, संगीत, संदीप कुमार, बजरंग लाल शर्मा सहित कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।