रामनवमी विशेष
रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएँ
प्रभु श्रीराम की कृपा हम सभी पर बनी रहे
इस शुभ दिवस पर प्रभु को समर्पित कुछ दोहे~
रामलला की प्रीत में, मग्न हुआ संसार।
आज राम के जन्म पर, पुलकित है घर-बार।।
राम लला के हाथ से, छीने रोटी काग।
भक्तिभाव मन में जगा, जागे उसके भाग।।
सरयू तट पर खेलते, चारों राजकुमार।
दिव्य, अलौकिक दृश्य से, आनंदित संसार।।
दशरथ के नंदन हुए, कौशल्या के राम।
सीता के प्रियवर हुए, बसे अयोध्या धाम।।
जिसने सब अपना तजा, बढ़ा उसी का मान।
चाहे गौतम बुद्ध हो, चाहे राम महान।।
कथा राम की है अमर, शाश्वत उनका नाम।
भक्तों की पीड़ा हरें, बनते बिगड़े काम।।
हो विनम्र रिपुदमन सा, निष्ठा भरत समान।
मर्यादा श्री राम सी, त्याग लखन का मान।।
सेवापथ पर चल पड़े, चलना अपना काम।
नैया पार लगाइए, कृपा राखिये राम।।
मन के राम जगाइए, रावण को दें मार।
सदाचार सद्भाव से, होगा बेड़ा पार।।
जय श्री राम
डॉ० सविता गोस्वामी ‘तेजस्विनी’
महामंत्री
अ० भा० साहित्य परिषद, इकाई बहरोड़