सीवर हादसे में मृत स्वच्छता कर्मियों के परिजनों को सौंपी सहायता राशि
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । सीवर चैंबर की सफाई के दौरान 17 अप्रैल को जहरीली गैस से हुई दो स्वच्छता कर्मियों की मौत के मामले में मंगलवार को जयपुर नगर निगम ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की। नगर निगम स्वास्थ्य शाखा के उपायुक्त ओम थानवी पीड़ितों के निवास पहुंचे और सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, वाल्मीकि समाज सरपंच मनोज चांवरिया व सफाई कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में परिजनों को चेक सौंपे।
प्रतिनिधिमंडल ने चांदमारी (पुरानी बस्ती, शास्त्री नगर) निवासी अजय उर्फ सेठी और चिंकारा कैंटीन क्षेत्र (नाला पावर हाउस) निवासी रामबाबू के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। निगम की ओर से अजय की माता छोटी देवी और रामबाबू की पत्नी पूनम को मुआवजा राशि के चेक दिए गए।
विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि मानव जीवन अमूल्य है और इसकी भरपाई संभव नहीं, लेकिन यह आर्थिक सहयोग परिवारों को संबल देगा।
समझौते के तहत प्रत्येक मृतक के परिवार को ठेकेदार फर्म और नगर निगम की ओर से 10-10 लाख रुपए, मुख्यमंत्री सहायता कोष से 5-5 लाख रुपए तथा विधायक द्वारा 25-25 हजार रुपए दिए गए हैं। इसके अलावा स्वायत्त शासन विभाग द्वारा 30-30 लाख रुपए की अतिरिक्त सहायता राशि भी दी जाएगी।
प्रशासन ने मृतकों के एक-एक आश्रित को संविदा पर नौकरी और आजीविका के लिए डेयरी बूथ उपलब्ध कराने पर भी सहमति जताई है। नगर निगम ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों की सख्ती से पालना का आश्वासन दिया है।